Saturday, February 13, 2010

बच्चों को विकलांग बना सकता है डीजे!

विवाह एक पारिवारिक आयोजन है किंतु आधुनिक जीवन शैली में आम आदमी के व्यक्तिगत सम्पर्कों में हुए कई गुना विस्तार के कारण भारतीय विवाह सार्वजनिक मेले की तरह दिखाई देने लगे हैं जिनमें हजारों नर-नारी सम्मिलित होते हैं। बहुत कम लोग होते हैं जो केवल पारिवारिक विवाह आयोजनों में भाग लेते हैं। अधिकतर लोग सामाजिकता के निर्वहन के लिये बड़ी संख्या में परिचितों, सम्बन्धियों और सहकर्मियों के परिवारों में होने वाले विवाहों में सम्मिलित होते हैं। इन वैवाहिक आयोजनों में सैंकड़ों तरह की असुविधाओं के बीच डी जे सबसे बड़ी मुसीबत के रूप में उभरा है। लगभग सारे विवाह समारोहों में इस आधुनिक कानफोड़ू वाद्ययंत्र को बजाया जाता है।
मनुष्य के लिये 50 डेसीबल्स तक की अधिकतम ध्वनि सहन करने योग्य होती है। मुझे पक्का तो नहीं पता किंतु मेरा अनुमान है कि इस वाद्ययंत्र की ध्वनि तीव्रता 500 डेसीबल तक होती होगी। इस ध्वनि पर आदमी का शरीर ही नहीं, आत्मा तक कांप उठती है जिससे आने वाली पीढ़ियां स्थाई रूप से विकलांग हो सकती हैं। हमारे घर में दिन के समय अधिकतम 30 से 35 डेसीबल तक तथा रात्रि में 25 डेसीबल तक ध्वनि होनी चाहिये। यदि हमारे घर में सड़क पर चलने वाले वाहनों की आवाज आती है या जोर से टेलीविजन चलता है या पास में कोई मशीन चलती है तो ध्वनि का स्तर बढ़ जाता है जिससे हम कई तरह की समस्याओं से ग्रस्त हो जाते हैं। मस्तिष्क में तनाव उत्पन्न होता है, चिड़चिड़ाहट बढ़ती है और घर के सदस्यों में झगड़ा होने लगता है। अधिक समय तक शोर में रहने से आदमी बहरा होने लगता है। उसका रक्तचाप बढ़ जाता है। रक्त में शर्करा बढ़ने लगती है। हृदय की धड़कन बढ़ जाती है। शरीर से खनिज पदार्थ पसीने के रूप में बाहर निकलने लगते हैं। खाना हजम नहीं होता। कार्य की क्षमता घट जाती है। आदमी की एकाग्रता नष्ट हो जाती है और वह किसी काम पर ध्यान केन्द्रित करने योग्य नहीं रह जाता। उसे कुछ याद नहीं रहता। इन सब बातों का अंतिम परिणाम यह होता है कि आदमी स्थायी तौर पर बीमार हो जाता है। इसीलिये अस्पतालों और विद्यालयों के आस-पास हॉर्न बजाना मना होता है और मंदिरों के आस-पास पेड़ लगाये जाते हैं।
अब तक धरती पर जो भी मशीनें बनी हैं उनमें सुपर सोनिक वायुयानों की ध्वनि सबसे अधिक है। इस शोर में यदि कोई व्यक्ति कुछ दिनों तक लगातार रहे तो वह स्थायी रूप से पागल हो सकता है। अधिक ध्वनि से आदमी की प्रजनन क्षमता कम हो जाती है। गर्भवती माताओं में गर्भपात की शिकायत बढ़ जाती है तथा मानसिक रूप से विकलांग बच्चे पैदा हो सकते हैं। आजकल अस्पतालों में विकलांग एवं मंद बुद्धि बच्चों के जन्म की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। भारतीय ही नहीं दुनिया भर की संस्कृतियों में शांति को सर्वोपरि स्थान दिया गया है। शांत वातावरण में रहने से हमारी वैचारिक और आध्यात्मिक शक्ति में वद्धि होती है। भीतर की शक्ति बढ़ाने के लिये मौन रखा जाता है। पूजा पाठ के अंत में शांति पाठ किया जाता है। जीते जी ही नहीं, आदमी के मरने के बाद भी उसकी आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की जाती है। कब्रों पर जाकर फूल चढ़ाये जाते हैं तथा उन पर आर. आई. पी. अर्थात् रेस्ट इन पीस लिखा जाता है। यह कैसी विडम्बना है कि इन सब बातों को जानते हुए भी हम डी जे को गले से लगाये हुए हैं !
blog comments powered by Disqus